अखिलेश को हिरासत में लेने से भड़के सपाई, प्रयागराज में लाठीचार्ज, सांसद घायल

0 23

न्यूज डेस्क–समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की इलाहाबाद जाने से पहले हुई गिरफ्तारी से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। 

सपाई देवरिया, बस्‍ती, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर और महराजगंज में भी सड़कों पर उतरे। सपाइयों ने कहा कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी आपातकाल की याद दिला रही है। गोरखपुर में सपा के जिला अध्यक्ष प्रहलाद यादव, महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और जुलूस की शक्ल में विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ने लगे।

Related News
1 of 1,457

अमौसी एयरपोर्ट का घेराव कर आक्रोशित सपाइयों ने जमकर बरपाया कहर

सैकड़ों कार्यकर्ताओं का हुजूम देखकर जिला पुलिस और प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और शास्त्री चौक पर सपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी से नाराज सपा कार्यकर्ता लगातार पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रशासन ने बगैर किसी अनुमति के जुलूस और धरना प्रदर्शन करने पर आपत्ति जताई तो सपा कार्यकर्ता नाराज हो गए। इस बीच पुलिस और सपाइयों में नोकझोंक शुरू हो गई, कुछ ही देर में बड़ी संख्या में पुलिस बल शास्त्री चौक पहुंच गया और सपाइयों को नियंत्रित करने में लग गया।

बहराइच में भी सपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने सड़क जाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा । 

इस बीच प्रयागराज में भी सपा नेता, कार्यकर्ताओं ने बालसन चौराहे पर जाम लगाकर उग्र प्रदर्शन शुरू किया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उन्हें समझा-बुझाकर हटाने का प्रयास किया तो कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें कई पुलिस वाले घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग भी की। 

Comments
Loading...