राहुल गांधी के ऊपर दिखी लेजर लाइट, कांग्रेस ने गृहमंत्री को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली– कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक को लेकर कांग्रेस ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को चिट्ठी लिखी है। इसमें कहा गया है कि बुधवार को रोड शो और रैली के दौरान राहुल गांधी पर 7 बार लेजर बीम डाली गई।
कांग्रेस ने यह पत्र गृह मंत्री राजनाथ सिंह को लिखा है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने भी राहुल पर खतरों से इंकार नहीं किया है। पार्टी ने गृह मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि बुधवार को जब गांधी मीडिया से बातचीत कर रहे थे उसी दौरान उनके शरीर पर कम से कम सात बार हरे रंग की लेजर लाइट दिखाई दी। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी की जान को खतरा है और ऐसे में उनकी पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने गांधी के ऊपर लेजर लाइट पड़ने से जुड़ा एक वीडियो भी मंत्रालय को सौंपा है।
चूंकि गृह मंत्री दिल्ली से बाहर हैं ऐसे में समझा जा रहा है कि उनके वापस लौटने पर इस विषय को गंभीरता से लिया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष को एसपीजी (SPG) की सुरक्षा मिली हुई है। इसके बावजूद अगर उनकी सुरक्षा में कहीं कोई कमी नजर आती है तो यह चिंता की बात है। राहुल गांधी इन दिनों लगातार चुनाव-प्रचार कर रहे हैं।