युवक को बदमाशों ने लूटकर कुएं में फेंका,एक लकड़ी के सहारे 18 घंटे तक रहा जिन्दा
बहराइच– कहते हैं जाको राखे साइयां मार सके न कोई; ये बात जिले के मोतीपुर इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के ऊपर सटीक बैठती है; जिसे बदमाशों ने लूटने के बाद घने जंगल मे स्थित एक कुँए में फेंक दिया । युवक 18घंटे तक कुँए में पड़ी लकड़ी के सहारे बैठकर बाहर निकालने की गुहार लगाता रहा ।
आज सुबह निकले एक युवक ने आवाज सुनकर इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी जिसके बाद रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला गया ।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुयी है । मोतीपुर इलाके के हसुलिया ग्राम का रहने वाला कमालुद्दीन कल शाम को साईकल से कतर्निया वन्य क्षेत्र में स्थित आम्बा ग्राम अपनी ससुराल जा रहा था जब वो घने जंगल मे पहुंचा तो मोटे बाबा स्थान के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर मोबाइल व साइकिल छीन ली । इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पास ही स्थित 100 फुट गहरे कुएँ में फेंक भाग निकले । कुँए में गिरने के बाद कमालुद्दीन ने पानी मे पड़े लट्ठ को बचने का सहारा बनाते हुये उसपर बैठ गया ।और आवाज लगाकर अपने आप को बाहर निकालने के लिये आवाज लगाता रहा । लेकिन रात होने के कारण उसे कोई मदद नही मिल सकी ।
आज सुबह करीब दस बजे इलाके का रहने वाला अशोक नाम का युवक दर्शन करने के लिये मोटे बाबा के स्थान जा रहा था । तो उसे कुएं से आवाज आती सुनायी दी । जब उसने झांककर देखा तो उसे एक व्यक्ति कुँए में लकड़ी के ऊपर बैठा हुआ दिखायी दिया । अशोक ने इसकी सूचना तुरंत वन कर्मियों व सुजौली पुलिस को दी जिसके बाद ग्रामीणों व वनकर्मियों की मदद से रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला गया । पुलिस का कहना है । मामला संज्ञान में आया है । जांच की जा रही है ।
(रिपोर्ट – अमरेंद्र पाठक, बहराइच )