आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर दलित छात्रा ने दी आत्मदाह की धमकी
हाथरस– यूपी के हाथरस जिले के थाना हसायन क्षेत्र में छेड़छाड़ का शिकार हुई एक दलित छात्रा ने आरोपी युवक की गिरफ़्तारी न होने व मामले में फैसले के लिए दबाव बनाये जाने और परिवारीजनों को मिल रही हत्या की धमकियों से तंग आकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
अलबत्ता एसपी का कहना है कि मामले के आरोपी युवक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। हाथरस जिले की तहसील सिकंदराराऊ में समाधान दिवस में शिकायत लेकर आयी कुमकुम नाम की छात्रा थाना हसायन क्षेत्र के गांव मंडनपुर की रहने वाली है और जाति से दलित है। उसकी शिकायत है कि उसके साथ उसके पड़ोस के गांव नवीपुर के राजू नाम के युवक ने 17 फरवरी को तब छेड़छाड़ की थी जब वह कम्प्यूटर सेंटर से कोचिंग करके बापस गांव लौट रही थी। राजू ने उसे जातिसूचक गालिया दीं थी और तमंचा दिखाकर उसे तथा उसके परिवारीजनों को मार डालने की धमकी भी दी थी।
यही नहीं छात्रा की पीड़ा तो यह भी है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने तथा एसपी ,डीएम से लेकर तमाम अधिकारीयों के चक्कर काटने पर भी आरोपी युवक की गिरफ़्तारी नहीं हो रही है। पीड़ित छात्रा का कहना है कि ऐसे में उस पर फैसले का दबाव बनाया जा रहा है और परिजनों को मारने की धमकी दी जा रही है। इससे पीड़ित छात्रा का परिवार तंग है। उसके मजदूर पिता ने भी अपनी बेटी के साथ आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इस मामले में एसपी ने बताया है कि आरोपी युवक फरार है। उसकी कुर्की की कार्यवाही की जा रही है और एक टीम उसे पकड़ने में लगी है। उसकी जल्द गिरफ़्तारी कर ली जाएगी।
(रिपोर्ट – सूरज मौर्या , हाथरस )