GT vs CSK: गुजरात के खिलाफ CSK को मिली IPL इतिहास की सबसे बड़ी हार, टूर्नामेंट से चेन्नई की ‘शर्मनाक’ विदाई

GT vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 66वां मैच गुरुवार को गुजरात टाइटंस (GT) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सीएसके को गुजरात (Gujarat Titans) के हाथों 89 रनों से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई (Chennai Super Kings) की यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार है। इसी के साथ ही, इस सीज़न में CSK का सफर यहीं ख़त्म हो गया। जबकि गुजरात अब प्लेऑफ में 18 अंकों के साथ जाएगी। गुजरात के खिलाफ मैच चेन्नई के लिए ‘करो या मरो’ वाला मुकाबला था।

GT vs CSK: चेन्नई की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार

गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में चेन्नई (Chennai Super Kings) की टीम सिर्फ 140 रनों पर ही ढेर हो गई और 89 रनों से मैच हार गई। जो रनों के लिहाज से लीग में टीम की अब तक की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले लीग में CSK की सबसे बड़ी हार 2013 में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 60 रनों की थी। इसके अलावा साल 2022 में पंजाब किंग्स ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में चेन्नई को 54 रनों से और साल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेपक में 50 रनों से हराया था। इस शर्मनाक हार के साथ, जहां CSK का प्लेऑफ का सफर खत्म हो गया। इसी के साथ सीएसके अंक तालिका में सातवें स्थान पर सिमट कर रह गई।

GT vs CSK: चेन्नई के फैंस हुए भावुक

पांच बार की चैंपियंस चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ की रेस बाहर होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सीएसके फैंस बेहद भावुक नजर आए। चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही हैं। किसी भी फैन के लिए, अपनी पसंदीदा टीम को इस तरह टूर्नामेंट से बाहर होते देखना एक बेहद दुखद अनुभव होता है। जहां कुछ फैंस मीम्स के ज़रिए अपना दुख ज़ाहिर कर रहे हैं, तो वहीं कई लोग कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और टॉप ऑर्डर के निराशाजनक प्रदर्शन पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। इस बीच, MS धोनी के लाखों चाहने वाले भावुक पोस्ट शेयर कर रहे हैं, क्योंकि हो सकता है कि इस सीज़न में उन्होंने धोनी की आखिरी झलक देखी हो।

चेन्नई को मिला था पहाड़ जैसा लक्ष्य

मैच की बात करें तो, टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने साई सुदर्शन (84 रन) और कप्तान शुभमन गिल (64 रन) की शानदार पारियों की बदौलत 4 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस जोड़ी ने 125 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। आखिर में, जोस बटलर ने सिर्फ 27 गेंदों में 57 रनों की नाबाद पारी खेली, जिससे टीम एक मजबूत स्थिति में पहुंच गई।

140 रनों पर ही सिमट गई सीएसके

230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही; मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी का सामना करते हुए, तीसरे ओवर के अंत तक ही उन्होंने सिर्फ 29 रनों पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद, शिवम दुबे ने सिर्फ 17 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेलकर कुछ देर के लिए उम्मीद जगाई लेकिन जैसे ही वह आउट हुए, पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस मैच में, गुजरात के गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 3-3 विकेट झटके और चेन्नई की पूरी पारी को सिर्फ 13.4 ओवरों में 140 रनों पर समेट दिया।

दरअसल इस पूरे सीज़न में CSK खिलाड़ियों की चोटों से काफ़ी परेशान रही। चोट की वजह से MS धोनी पूरे सीज़न में एक भी मैच नहीं खेल पाए। इसके अलावा, जेमी ओवरटन को भी चोट के कारण टूर्नामेंट के एक अहम मोड़ पर बाहर होना पड़ा। खलील अहमद भी चोट की वजह से IPL 2026 में सिर्फ़ 5 मैच ही खेल पाए।

एक स्थान के लिए चार टीमों में होगी जंग

चेन्नई के बाहर होने के बाद, अब प्लेऑफ की जंग अब और भी रोमांचक हो गई है। प्लेऑफ के अंतिम स्थान के लिए मुकाबला अब सिर्फ चार टीमों के बीच रह गया है। इन टीमों में राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स शामिल हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन सी टीम आखिरी जगह के लिए क्वालिफ़ाई कर पाती है।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

Biggest Win By Runs In IPLchennai super kingsChennai Super Kings Biggest IPL LossCSK Biggest LossGT Biggest WinGT vs CSKGujarat TitansGujarat Titans Biggest IPL WinGujarat Titans vs Chennai Super Kingsindian premier leagueIPL 2026