बागपतः मोदी की रैली से पहले गन्ना किसान की मौत, प्रशासन में मचा हड़कम्प
बागपत — उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से ठीक एक दिन पहले एसडीएम ऑफिस के सामने गन्ना भुगतान की मांग कर रहे एक किसान की मौत से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।वहीं मृतक किसान का शव रखकर किसानों ने जमकर हंगामा किया।
गौरतलब है कि गन्ना भुगतान की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से किसान तहसील परिसर में एसडीएम ऑफिस के सामने धरने पर बैठे थे। लेकिन अधिकारियों ने धरने पर आकर किसानों से बात करना तक गंवारा नहीं समझा। मांग पूरी नहीं हुई तो उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। भीषण गर्मी में भी धरने पर बैठे किसान उदयवीर की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। उदयवीर की मौत से नाराज किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया और शव को उठने नहीं दिया।
हालांकि किसान की मौत की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों से वार्ता करने का प्रयास किया, लेकिन किसान वार्ता करने के लिए तैयार नहीं है। किसानों ने उदवीर के शव का भी पोस्टमॉर्टम करवाने से भी इंकार कर दिया है।
गौरतलब है कि पश्चिमी यूपी के कैराना में 28 मई को उपचुनाव है। इस चुनाव में गन्ना एक बड़ा मुद्दा है।वहीं 27 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रहे है और यहां एक रैली को भी संबोधित करेंगे। इस रैली और उद्घाटन से पहले किसान की मौत का मामला तूल पकड़ सकता है।फिलहाल किसान के शव को पोर्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।