UP SIR Draft Voter List: यूपी में एसआईआर की ड्राफ्ट लिस्ट आई सामने, 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे
UP SIR Draft Voter List: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 15 करोड़ 44 लाख है, जिनमें से 12 करोड़ 55 लाख के नाम ड्राफ्ट सूची में बरकरार रखे गए हैं। जबकि करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिये गये हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने संवाददाताओं को बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 2.17 करोड़ मतदाता या तो गायब पाए गए या अपने पंजीकृत पते से स्थानांतरित हो गए। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 25.47 लाख मतदाता एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाये गये। सीईओ ने कहा कि प्रक्रिया के दौरान पता चला कि 46.23 लाख मतदाताओं की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान 18.70 फीसदी मतदाताओं के हस्ताक्षर नहीं आये।
UP SIR Draft Voter List: आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 6 फरवरी
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि वोटर अपना नाम बूथ लेवल ऑफिसर के पास उपलब्ध लिस्ट में, ECINET मोबाइल ऐप पर, ceouttarpradesh.nic.in पर या electoralsearch.eci.gov.in पर अपना EPIC नंबर डालकर चेक कर सकते हैं। जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं, उनसे फॉर्म 6 भरने का आग्रह करते हुए सीईओ ने कहा कि दावे और आपत्तियां 6 फरवरी तक दाखिल की जा सकती हैं।
UP SIR Draft Voter List: 6 मार्च को जारी होगी अंतिम सूची
बता दें कि यह ड्राफ्ट सूची पहले 31 दिसंबर को प्रकाशित होनी थी, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इसे आज आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। जबकि 31 दिसंबर से लेकर 30 जनवरी तक आपत्तियां दाखिल की जानी थी। इससे पहले, आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रही SIR के लिए संशोधित तिथियां जारी की थीं, जो 1 जनवरी, 2026 की अर्हता तिथि पर आधारित थी। उत्तर प्रदेश निर्वाचन सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)