Jalaun Accident: जालौन में भीषण हादसा, कार और ट्रक में जोरदार भिड़ंत, 6 की मौत

Jalaun Accident: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आज सुबह हुई एक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ’84 गुंबद’ नामक स्थान के पास एक तेज रफ्तार टेवेरा कार ने पीछे से एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा ट्रक के अंदर धंस गया। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार ने झीनी 6 जिंदगियां

रिपोर्ट्स के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी (49) अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या में दर्शन-पूजन करने के बाद लौट रहे थे। सुबह लगभग 6 बजे जब वे कालपी पहुंचे, तो ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई। इसके बाद कार बेकाबू हो गई और उनके आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, जिसके परिणामस्वरूप टक्कर इतनी जोरदार हुई कि टेवेरा पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी और अंशुल तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी ललितपुर के महरौनी के निवासी थे।

कार के अंदर फंसे यात्री

दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर ही फंसे रह गए। स्थानीय निवासियों और पुलिस ने कार के दरवाजे काटकर घायल पीड़ितों को बाहर निकालने के लिए अथक प्रयास किया। सभी घायलों को तत्काल ओरई स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज भी शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह तत्काल अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि उन्हें सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित किया जाए। जालौन के SP विनय कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद आ जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

6 killedayodhya return familyjalaun accidentJalaun road accidentupजालौन में भीषण हादसा