मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया वृद्ध और…

बहराइच–मोतीपुर रेंज के गिरदा चिक्कीपुरवा गांव निवासी एक वृद्ध जंगल के निकट फूस काट रहा था। गांव निवासी एक बालक भी फूस काटने लगा। इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

वृद्ध ने तेंदुए से भिड़कर बालक की जान बचाई। लेकिन तेंदुए के हमले में वृद्ध व बालक घायल हो गए। ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ जंगल की ओर गया। दोनों घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वनकर्मियों ने जांच शुरू कर दी है।कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे गांवों में बाघ और तेंदुओं का हमला निरंतर जारी है। बीते एक हफ्ते से मोतीपुर रेंज में तेंदुए और बाघ ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं। मोतीपुर रेंज के गिरदा चिक्कीपुरवा गांव निवासी दूबर (55) पुत्र गुरदयाल और छोटू (10) पुत्र हरीराम मंगलवार शाम को जंगल से सटेे इलाके में फूस काट रहे थे।

इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने छोटू पर हमला कर दिया। छोटू चिल्लाने लगा। छोटू के चिल्लाने पर पास में फूस काट रहे दूबर ने तेंदुए पर डंडे से वार किया। शोर मचाया। इस पर तेंदुए ने दूबर पर हमला कर दिया। तेंदुए से 10 मिनट संघर्ष कर दूबर ने छोटू व अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के शोर मचाने व हांका लगाने पर तेंदुआ जंगल की ओर गया।

ग्रामीणों ने वृद्ध व बालक को घायल अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया। तेंदुए के हमले की जानकारी मोतीपुर रेंज कार्यालय पर दी। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। वनकर्मियों ने मौके का मुआयना किया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।

(रिपोर्ट-अनुराग पाठक, बहराइच)

Leopard attacked
Comments (0)
Add Comment