’38 दलों से गठजोड़ करने वाले हमें बता रहे मिलावटी गठबंधन’-अखिलेश यादव

0 11

बहराइच–चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शहर के गेंदघर मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा की। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में लोगों का उत्साह बता रहा है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। 

उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले कहते हैं कि सपा-बसपा का मिलावटी गठबंधन है, जबकि भाजपा 38 दलों से मिली हुई है। सबसे बड़ी मिलावट तो बीजेपी में है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनाव में जो वादे जनता से किए थे। एक भी पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अच्छे दिन नहीं आए, कब आएंगे? किसान कड़ी मशक्कत करने के बाद भी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि गरीबों को खाद बांटी जाती है उसमें भी पांच किलो निकाल ली जाती है। रसोई गैस सिलेंडर से गैस चोरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने शौचालय के लिए एक गड्ढा खोदने का फरमान जारी किया था। भाजपा ने इसे दो गड्ढा कर दिया, लेकिन किसी ने शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं की।

Related News
1 of 653

सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि लोहिया आवास, समाजवादी पेंशन समेत अन्य योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर पात्रों को मिल रहा था। इसे भाजपा ने बंद कर दिया। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि एक लाख बीस हजार रुपये में क्या घर बनाया जा सकता है? उन्होंने वादा किया कि गठबंधन सरकार होने पर पात्रों को घर बनाने के लिए चार से पांच लाख रुपये धन दिया जायेगा। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की नशे वाली चाय से बहुत लोग धोखा खा जाते हैं। बीजेपी सभी जाति के लोगों को आपस में बांटने का काम करती है। उन्होंने यूपी के सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम एक दिन कह रहे थे कि संविधान न होता तो अखिलेश भैंस चरा रहे होते। उनके इस बयान से किसान, पिछड़े व अन्य लोग क्या सोंच रहे होंगे? भाजपा सरकार ने ठोंको नीति अपनाई हुई है। पुलिस जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सरकार की गलत नीतियों के कारण खेतों की रखवाली करने को विवश हैं। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि सांड के हमले में मौत होने पर किस पर मुकदमा दर्ज कराया जाए? उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।  उन्होंने कहा कि बहराइच-लखनऊ हाईवे, चहलारीघाट पुल निर्माण व कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के विकास के लिए सपा सरकार ने ठोस कदम उठाए थे।

(रिपोर्ट-अनुराग पाठक, बहराइच)

Comments
Loading...