महिला T-20 वर्ल्ड कप : भारत को करारी मात देकर फाइनल में पहुंची इंग्लैंड

0 19

एंटीगा–सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए आईसीसी महिला वर्ल्ड टी20 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। भारत ने टॉस जीतकर 19.3 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 112 रन बनाए। 

Related News
1 of 312

जवाब में इंग्लैंड ने सिर्फ दो विकेट गंवाकर 17.1 ओवर में 116 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।रविवार को फाइनल में इंग्लैंड का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा जिसने पहले सेमीफाइनल में गत चैंपियन वेस्ट इंडीज को हराकर लगातार पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई है। 113 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ चार के स्कोर पर ही उसकी सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें राधा यादव की गेंद पर अरुंधति रेड्डी ने कैच किया। इसके बाद डेनियल वॉट 8 रन बनाकर दीप्ति शर्मा का शिकार बनीं। 

इस तरह 5 ओवरों में 24 पर इंग्लैंड को दो विकेट गिर चुके थे और भारत को यहां थोड़ी उम्मीद जगी थी लेकिन विकेटकीपर एमी जोन्स और नताली स्कीवर ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 92 रनों की नाबाद साझेदारी करते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। जोन्स ने 47 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 53 और स्कीवर ने 39 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 53 रन बनाए। 

गौरतलब है कि भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल से पहले तक हर मैच में एकतरफा प्रदर्शन किया, लेकिन आज उसका सामना उस टीम से था, जिसने एक साल पहले भारत को वनडे विश्व कप का खिताब जीतने से रोका था। 

Comments
Loading...