Weather update: गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर, अप्रैल में जून जैसी तपिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather update: गर्मी का सितम शुरू हो गया है। देश के कई राज्यों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड व ओडिशा में लू का कहर जारी है। वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश व तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम व नागालैंड में बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई राज्यों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।

पूरा देश इस समय गर्मी से बेहाल है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, आगरा, हरदोई, वाराणसी समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को प्रयागराज में तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के वर्धा व अकोला शहर में 45 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही ये दोनों शहर रविवार को देश के सबसे गर्म शहर रहे। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिमी हवाओं व लगातार तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

जबलपुर में टूटा 3 साल का रिकार्ड

रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में तीन साल का रिकार्ड टूट गया। यहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में पिछले तीन सालों से सबसे ज्यादा है। वहीं निवाड़ी, टीकमगढ़ व छतरपुर में भी लू से लोग परेशान दिखे। मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़, कटनी, पन्ना, उमरिया, मंडला, जबलपुर व छतरपुर में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

एमपी के छह जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में तीन से चार दिनों तक गर्मी का असर तेज रहेगा। विभाग ने जयपुर समेत छह जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। जयपुर में रविवार को 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है। विभाग ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने व गर्मी से बचने की सलाह दी है।

इन राज्यों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 20 व 21 अप्रैल को झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व राजस्थान में पारा बढ़ने की संभावना है। विभाग ने इन राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि इन राज्यों में सूरज ढलने के बाद भी तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे शाम को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

20 April 2026 Weatheraaj ka mausamhailstorm alertIMDIMD Heat WaveMausam ki taza khabarTemperature riseUP Heat Wave AlertUP Hot WeatherUP rain alertUP weather forecast todayUP weather updateuttar pradesh weatherwinter weather UP