दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने वाली पहली महिला IPS बनीं लखनऊ की यह लेडी अफसर

लखनऊ — यूपी कैडर की आईपीएस अफसर ने दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक पहुंचकर नया कीर्तिमान रचा है। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के सीमाद्वार परिसर में उप महानिरीक्षक (DIG) पद पर तैनात आईपीएस अपर्णा कुमार ने एक और कीर्तमान हासिल कर लिया है।

अपर्णा कुमार दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने वाली पहली महिला आईपीएस बन गई हैं।वह 30-35 किलोग्राम वजन लेकर बर्फ पर 111 मील की दुर्गम यात्रा कर दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाली देश की पहली महिला आईपीएस हैं। अपर्णा ने 4 जनवरी को अंटार्कटिका के केंद्रीय आधार शिविर से चढ़ाई शुरू की थी और 13 जनवरी को भारतीय समयानुसार सुबह करीब 5 बजे वहां पहुंचीं।

 – 40 डिग्री तापमान में स्नो ट्रेकिंग और स्कींइग बड़ी चुनौती था। वह प्रतिदिन 20-25 किलोमीटर दूरी तय करती थीं। उन्होंने दस सदस्यीय दल के साथ चढ़ाई की। उनके साथ दो विशेषज्ञ भी थे। अभियान खत्म कर उन्हें जमीन तक पहुंचने में चार से पांच दिन लगेंगे। वह 20 जनवरी तक भारत लौट सकती हैं। 

अपर्णा की इस कामयाबी पर पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है। वहीं  उनकी इस उपलब्धि पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। बता दें कि लखनऊ की अपर्णा कुमार यूपी कैडर 2002 बैच आईपीएस अफसर हैं। उनके पति 2002 बैच के आईएएस संजय कुमार इस समय यूपी में नगर विकास सचिव है।

अपर्णा का अगल लक्ष्य उत्तरी अमेरिका के अलास्का में माउंट डेनाली है। इस अभियान पर वह जुलाई, 2019 में निकलेंगी। अपर्णा इससे पहले छह महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियां फतेह कर चुकी हैं।

Comments (0)
Add Comment