Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार राजधानी लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में किया गया। गमगीन माहौल में परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। प्रतीक यादव की चिता को उनके ससुर और पूर्व वरिष्ठ पत्रकार अरविंद बिष्ट ने मुखाग्नि दी। चिता को मुखाग्नि देने के बाद वे भावुक हो गए और गमछे से अपने आंसू पोंछते हुए, हाथ जोड़कर अपने दामाद को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान श्मशान घाट का माहौल बेहद भावुक था।
Prateek Yadav Death: अखिलेश ने नम आंखों से दी भाई को अंतिम विदाई
सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी बैकुंठ धाम पहुंचे और नम आंखों से अपने छोटे भाई को अंतिम विदाई दी। अखिलेश यादव के साथ धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव ने चिता पर लकड़ियां रखकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन यादव भी परिवार के साथ दिखे। यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
Prateek Yadav Death: पापा को अंतिम विदाई देने पहुंचीं दोनों बेटियां
वहीं पापा को अंतिम विदाई देने अपर्णा यादव के के साथ उनकी दोनों बेटियां प्रथमा और पद्मजा भी श्मशान घाट पर पहुंची थीं। अखिलेश यादव और शिवपाल यादव श्मशान घाट पर एक तरफ बैठे नजर आए और प्रतीक की दोनों बेटियां उनके साथ थीं।
अंतिम यात्रा में हजारों समर्थक हुई शामिल
अंतिम संस्कार से पहले, प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकाली गई, जिसमें हज़ारों समर्थकों ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान “प्रतीक यादव अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। अंतिम यात्रा में समाजवादी पार्टी और BJP के कई नेता भी मौजूद थे। शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने अर्थी को कंधा दिया, जबकि धर्मेंद्र यादव भी पूरे समय उनके साथ रहे। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिंपल यादव और शिवपाल यादव सहित कई नेता उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सपा कार्यालय भी लाया गया प्रतीक का पार्थिव शरीर
अंतिम यात्रा से पहले, प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर कुछ समय के लिए समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर भी रखा गया। परंपरा के अनुसार, श्मशान घाट पहुंचने से पहले पार्थिव शरीर को पांच बार ज़मीन पर रखा गया। प्रतीक यादव को पशु प्रेमी के तौर पर भी जाना जाता था। उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने शव वाहन पर उनके पालतू कुत्तों और बंदरों के साथ उनकी एक तस्वीर लगवाई थी, जिसे देखकर लोग भावुक हो गए। बुधवार रात, अपर्णा यादव अपनी दो बेटियों के साथ पार्थिव शरीर के पास ही बैठी रहीं।
बुधवार को हुआ था निधन
बता दें कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया था। उन्हें बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत को लेकर फिलहाल जांच जारी है। प्रतीक यादव की मौत ने पूरे यादव परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रतीक यादव ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी थी, लेकिन वह हमेशा चर्चा में रहते थे। वह मुख्य रूप से फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। लखनऊ में उनके कई जिम और व्यवसायिक प्रोजेक्ट संचालित होते थे। फिटनेस को लेकर उनकी अलग पहचान थी और युवाओं के बीच वह काफी लोकप्रिय माने जाते थे।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)