Indonesia Earthquake Tsunami: इंडोनेशिया में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। गुरुवार 2 अप्रैल सुबह देश के पूर्वी हिस्से में स्थित टेरनेट शहर के पास भयंकर झटके महसूस किए गए। इन झटकों से घबराकर स्थानीय लोग अपने घरों और दफ़्तरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई। भूकंप के बाद इंडोनेशिया पर सुनामी (Tsunami) खतरा मंडरा रहा है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS)ने बताया कि गुरुवार सुबह-सुबह पूर्वी इंडोनेशिया के तट से दूर समुद्र में 7.4 तीव्रता का एक जबरदस्त भूकंप आया। इसके बाद, अमेरिका की एक निगरानी एजेंसी ने भूकंप के केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में सुनामी आने की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की।
USGS के अनुसार, भूकंप का केंद्र 1.20 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 126.35 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र की एक रिपोर्ट में बताया गया कि भूकंप लगभग 30 किलोमीटर की गहराई पर आया। USGS ने आगे बताया कि यह भूकंप जिसे शुरू में 7.8 तीव्रता का मापा गया था। मोलुक्का सागर में स्थानीय समय के अनुसार सुबह लगभग 6:48 बजे आया।
Indonesia Earthquake Today: सुनामी की चेतावनी जारी
APTN की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह इंडोनेशियाई जलक्षेत्र में आए भूकंप के कारण सुनामी (Tsunami) आ गई, जिसके कारण एक शख्स की मौत हो गई। कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, 7.4 तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र मोलुक्का सागर में 30 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अमेरिका के एक निगरानी केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भूकंप के केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में खतरनाक सुनामी आने की संभावना है। जिससे विशेष रूप से इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के तटीय इलाके प्रभावित हो सकते हैं।
सबसे ज्यादा भूकंप जोन वाला क्षेत्र
बता दें कि इंडोनेशिया दुनिया के सबसे ज़्यादा भूकंपीय रूप से सक्रिय इलाकों में से एक में स्थित है, क्योंकि यह “रिंग ऑफ फायर” (Ring of Fire) के किनारे पड़ता है। ज्वालामुखियों और फॉल्ट लाइनों का यह विशाल, 40,000 किलोमीटर लंबा चाप टेक्टोनिक प्लेटों की आपसी क्रिया और हलचल से बना है। प्रशांत महासागर को घेरने वाली यह घोड़े की नाल के आकार की पट्टी दुनिया के लगभग 90 प्रतिशत भूकंपों का कारण बनती है और अपनी लगातार भूकंपीय और ज्वालामुखी गतिविधियों के लिए जानी जाती है।
Indonesia Earthquake Today: पिछले महीने 3 मार्च को आया था भूकंप
USGS के अनुसार, अभी पिछले महीने 3 मार्च को सुमात्रा के तट के पास समुद्र में 6.1 तीव्रता का एक भूकंप आया था। हालांकि इस घटना से स्थानीय लोग सहम गए, लेकिन इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यह भूकंप सुमात्रा के उत्तर-पूर्वी सिरे के पास समुद्र में आया था, जिसके चलते इस क्षेत्र के कई लोग जो अक्सर भूकंप के झटकों की चपेट में आता रहता है, घबराकर अपने घरों से बाहर भाग खड़े हुए। इस बीच, इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी ने इस भूकंप की तीव्रता 6.4 दर्ज की और बताया कि यह 13 किलोमीटर की गहराई पर आया था।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)