दिल्ली में ढही 4 मंजिला इमारत, दो बच्चों की मौत, कई दबे

नई दिल्ली–दिल्ली के अशोक विहार फेज-3 की सावन पार्क कॉलोनी में आज सुबह एक पुरानी बिल्डिंग ढह गई है जिसमें कई लोग दबे हैं, कई को बाहर निकाल लिया गया है और 2 बच्चों की मौत हो गई है। 

गिरने वाली बिल्डिंग करीब 20 साल पुरानी बताई जा रही है, जो जर्जर हो चुकी थी। मलबे में 15 से ज्यादा लोग दब गए। हादसा 9:23 बजे हुआ। 11 बजे तक 9 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया जा चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल भेजे गए ज्यादातर लोगों की हालत नाजुक नजर आई। आशंका है कि मलबे में 5-6 लोग और दबे हो सकते हैं।

चीफ फायर ऑफिसर अतुल गर्ग ने घटनास्थल से 9 लोगों को अस्पताल पहुंचाए जाने की पुष्टि की। हादसा सावन पार्क के सी-ब्लॉक में हुआ जहां बिल्डिंग नंबर-42 भरभराकर ढह गई। यह चार मंजिला बिल्डिंग बताई जा रही है। इसलिए 15 से अधिक लोगों के चपेट में आने की आशंका है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के कुछ मिनटों तक हर तरफ धूल का गुब्बार था। तेज धमाके से बिल्डिंग गिरी थी, जिससे लोग एक बार को सकते में आ गए। धूल कुछ छंटी तो आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और डिजास्टर टीम के मेम्बर पहुंच गए। कैट्स ऐंबुलेंस के लिए रास्ता खाली करवाया गया। लोगों को एक तरफ करके डिजास्टर टीम ने काम शुरू किया। शुरुआती एक-डेढ़ घंटे में 9 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक नजर आ रही थी। इनमें 2 बच्चों ने दम तोड़ दिया।

Comments (0)
Add Comment