ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य का मिला शव, हत्या की आशंका 

बहराइच — कोनारी बंगला गांव निवासी ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य बुधवार की रात घिरईपुरवा गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठी पर दावत खाने गये थे। देर रात वह घर नहीं लौटे तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की।

उनका शव कोनारी नहर के निकट साइफन में पड़ा मिला। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पुत्र ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसरगंज थाना अंतर्गत ग्राम कोनारी डाक बंगला निवासी रामनारायण मिश्र (54) पुत्र सत्रोहन मिश्र बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्माष्टमी के अवसर पर होने वालेे छठी कार्यक्रम के निमंत्रण पर गांव से ही सटे घिरईपुरवा गए थे। देर रात तक वह वापस नहीं लौटे। इस पर घर वालों को कुछ आशंका हुई। घर के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। कोनारी और घिरईर्पुरवा के बीच में गुरुवार की सुबह सभी तलाश कर रहे थे। तभी नहर के निकट साइफन में उनका शव कुछ लोगों ने पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। हत्या कर लाश फेंके जाने की आशंका परिवार के लोगों ने जतायी है। मृतक रामनारायण ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य भी थेे। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्जर् कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

(रिपोर्ट-अनुराग पाठक,बहराइच)

Comments (0)
Add Comment