Modi Cabinet Reshuffle: आगामी राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली NDA सरकार के भीतर संभावित कैबिनेट विस्तार और बड़े फेरबदल को लेकर सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी अपनी टीम में बड़े बदलाव कर सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में करीब एक दर्जन मंत्रियों के विभागों में बदलाव हो सकता है। कहा जा रहा है कि राज्यसभा चुनावों के बाद इस दिशा में गतिविधियां तेज होने की संभावना है। हालांकि सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Modi Cabinet Reshuffle: कई मंत्रियों की होगी छुट्टी
सूत्रों का दावा है कि करीब दो कैबिनेट मंत्री और तीन से चार राज्य मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से हटाया जा सकता है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री को संगठन में अहम भूमिका दी जा सकती है और दक्षिण भारत के किसी राज्य में भेजा जा सकता है।
सहयोगी दलों का कद बढ़ने की तैयारी
दावा ये भी किया जा रहा है कि NDA के सहयोगी दलों को भी इस संभावित विस्तार और फेरबदल से फ़ायदा होगा। माना जा रहा है कि जनता दल (यूनाइटेड), तेलुगु देशम पार्टी (TDP), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा जैसे सहयोगी दलों को सरकार में ज़्यादा प्रतिनिधित्व मिल सकता है। ख़ास तौर पर, ऐसी अटकलें हैं कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार की JDU और आंध्र प्रदेश के नेता चंद्रबाबू नायडू की TDP को और मंत्री पद मिल सकते हैं। हालांकि, सहयोगी दलों के ज़्यादातर नेताओं को राज्य मंत्री स्तर की ज़िम्मेदारियां मिलने की उम्मीद है।
Modi Cabinet Expansion: नए चेहरों को मौका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने वाला है, उन्हें पार्टी संगठन में नई भूमिकाएं दी जा सकती हैं। BJP नेतृत्व 70 साल से अधिक उम्र के कुछ राज्यसभा सांसदों की जगह नए चेहरों को प्रमोट करने पर भी विचार किया जा सकता है। पार्टी के विभिन्न विंग में सक्रिय नेताओं को पहली बार केंद्र सरकार में शामिल करने की भी चर्चा है।
चुनावी रणनीति के तहत होगा बड़ा बदलाव
सूत्रों की माने तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी विधानसभा चुनावों, खासकर उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्यों को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर नई रणनीतियां बना रही है। इस संदर्भ में, कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदलने और नए चेहरों को मौका देने की चर्चा है।
Rajya Sabha Elections: राज्यसभा चुनाव 18 जून को होंगे
गौरतलब है कि राज्यसभा की 26 सीटों के लिए चुनाव और उपचुनाव 18 जून को होने हैं। इनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन सीटें, आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से चार-चार सीटें, झारखंड से दो और अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और मेघालय की एक-एक सीट शामिल है। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में एक-एक सीट के लिए उपचुनाव भी होंगे। इन 26 सीटों में से अभी NDA के पास 18 सीटें हैं, जिनमें से 12 सीटें BJP के पास हैं। इसलिए, राजनीतिक दल राज्यसभा चुनाव के नतीजों और कैबिनेट में संभावित फेरबदल, दोनों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)