राहुल का राजतिलक आज , हुईं जबरदस्त तैयारियां

न्यूज़ डेस्क– राहुल गांधी शनिवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभालेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी का जश्न मनाने के लिए दूर-दूर से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। गुजरात चुनाव नतीजों से ठीक पहले राहुल 132 साल पुरानी पार्टी की विरासत संभालेंगे। 

 दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस के दफ्तर में कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जश्न के लिए खास तौर पर दिल्ली के चांदनी चौक से आए हलवाई जलेबी और लड्डू समेत कई तरह की मिठाइयां बनाने में जुटे हुए हैं। दिल्ली के यूथ कांग्रेस दफ्तर में मिठाई के साथ ही लोकगीतों की भी तैयारी की गई है। इससे पहले 11 दिसंबर को राहुल गांधी कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। कांग्रेस नेता एम रामचंद्रन ने इसका औपचारिक ऐलान किया था। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ राहुल गांधी ने ही नामांकन दाखिल किया था। राहुल के अध्यक्ष पद संभालने के बाद से लगातार कई चुनौतियां भी उन्हें विरासत में मिलेंगी। 2019 लोकसभा चुनाव में पार्टी की वापसी कराने के साथ विधानसभा चुनावों में मिल रही लगातार हार के क्रम को तोड़ना भी एक बड़ी चुनौती है। 

 

Comments (0)
Add Comment