Rahul Gandhi वापस जाओ…रायबरेली पहुंचते ही राहुल गांधी का हुआ विरोध, धरने पर बैठे मंत्री दिनेश सिंह

Rahul Gandhi Raebareli: कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे का विरोध किया और राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए। कांग्रेस के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपशब्द कहे जाने के विरोध में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह धरने पर बैठ गए। इस बीच, प्रदर्शनकारियों को हटाते समय पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन और धरने के चलते राहुल गांधी का काफिला एक घंटे तक रुका रहा।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह धरने पर बैठे

दरअसल, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दौरे का विरोध किया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली में बटोही रिसॉर्ट के सामने राहुल गांधी के रास्ते में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारी उन्हें उठाने की कोशिश करते रहे। राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ को गाली दी गई। राहुल गांधी को इसका ज़रा भी अफ़सोस नहीं हुआ। उन्होंने एक बार भी यह नहीं कहा कि मोदी की माँ को गाली देने वाला कार्यकर्ता ग़लत है।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर रायबरेली को धोखा देने का आरोप लगाया और ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाए। भाजपा कार्यकर्ता “मोदी की माँ का अपमान हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा” लिखे पोस्टर और राहुल गांधी से माफ़ी मांगने वाले पोस्टर लिए हुए थे। हालाँकि, प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह वहाँ से चले गए।

राहुल गांधी का एक घंटे रुका रहा काफिला

इस बीच, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी के काफिले को निर्धारित समय से एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया। राहुल का काफिला एक घंटे तक रुका रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं के जाने के बाद ही राहुल गांधी अपने कार्यक्रम स्थल पर पहुँच सके। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

गौरतलब है कि राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा, वह कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे, साथ ही क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और कई सड़कों व अन्य कार्यों का शिलान्यास करेंगे। पंचायत चुनाव के मद्देनजर राहुल का यह दौरा अहम माना जा रहा है। इससे पहले जुलाई में राहुल गांधी का दौरा अचानक रद्द हो गया था।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

CongressMinister Dinesh Pratap SinghRae Bareli MPRahul Gandhi Rae Bareli visitYogi governmentकांग्रेसमंत्री दिनेश प्रताप सिंहयोगी सरकाररायबरेली समाचाररायबरेली सांसदराहुल गांधी रायबरेली कार्यक्रमराहुल गांधी रायबरेली दौरा