बहराइच — चौकसाहार महंतपुरवा गांव में पड़ोसियों के बीच विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस टीम ने दूसरे पक्ष को बुलाकर विवाद सुलझाने की कोशिश की। लेकिन विपक्षियों ने पुलिस टीम पर हमला कर हाथापाई की। वर्दी फाड़ डाली। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।खैरीघाट थाना अंतर्गत चौकसाहार महंतपुरवा गांव निवासी दुर्गा चौहान और अनीसा पत्नी राममिलन पड़ोसी हैं। दोनों के बीच अरसे से पुरानी रंजिश को लेकर खुन्नस चल रही है। गुरुवार शाम को दुर्गा व अनीसा के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
इस पर अनीसा ने 100 नंबर डायल कर पुलिस से मदद मांगी। पीआरबी वाहन संख्या 1566 के प्रभारी हेड कांस्टेबिल जयप्रकाश सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे तो अनीसा ने गांव निवासी दुर्गा चौहान और उनके परिवार द्वारा अनावश्यक परेशान करने की बात बताई। जिस पर पुलिस टीम ने पहले दुर्गा को मौके पर बुलवाने की कोशिश की, लेकिन दुर्गा नहीं आए। इस पर पुलिस टीम दुर्गा के घर पहुंच गई।
पूछताछ शुरू करते ही दुर्गा, उनकी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जिससे टीम प्रभारी जयप्रकाश व अन्य सिपाहियों की वर्दी फट गई। हंगामा सुनकर गांव के लोग एकत्रित हो गए। तत्काल थाने पर सूचना दी गई।
लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले। घटना की सूचना पाकर सीओ केके सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीआरबी प्रभारी जयप्रकाश सिंह और अनीसा की तहरीर पर दुर्गा चौहान के खिलाफ दो केस दर्ज किए गए हैं। हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रिपोर्ट-अनुराग पाठक,बहराइच