Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक घर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी समेत तीन मासूम बच्चे शामिल है। शुरुआती जांच से पता चला है कि परिवार ने ज़हरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की है। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के अंदर दीवार पर “अपनी मर्ज़ी से आत्महत्या” लिखा एक नोट मिला। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Mathura News: मृतकों में पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चे शामिल
बता दें कि महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव के रहने वाले 35 साल के मनीष किसान थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मनीष, उसकी पत्नी सीमा (32), दो बेटियां हनी (5), प्रियांशी (4) और बेटे पंकज (2) की लाश घर के अंदर मिली है। साथ ही एक सुसाइड नोट भी मिला है। बताया जा रहा है कि मनीष की शादी आठ साल पहले मदनई सादाबाद से हुई थी। उसके दो और भाई हैं जो गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। मनीष इसी मकान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। हालांकि इस परिवार के आत्महत्या करने की सही वजह अभी साफ नहीं है।
दीवार पर लिखा सुसाइड नोट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब परिवार के लोग काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले, तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने खिड़की और दरवाजे से अंदर झांका तो घर के अंदर नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जब कमरे के अंदर गई तो उन्हें लाशों के पास दूध के गिलास पड़े मिले। इससे शुरुआती तौर पर शक है कि मौत का कारण कोई ज़हरीला पदार्थ हो सकता है, जो दूध में मिलाया गया था।
हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
घटना की वजह जानने के लिए पड़ोसियों, परिवार वालों और गांव वालों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। मथुरा के SSP ने बताया कि पुलिस को मौके पर दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट और उसकी एक कॉपी मिली है। मुकेश का फोन भी मिला है, जिसमें सुसाइड का वीडियो रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में मरने वाले ने सुसाइड की बात कही है। पोस्टमार्टम आने के बाद आगे की जांच की जाएगी। पुलिस अभी इस मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)