Jalgaon Train Accident: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में हुए दर्दनाक रेल हादसे में अब तक 15 यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि कई यात्री घायल हो गए। दरअसल, पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद लोग ट्रेन से कूद गए, जिसके बाद वे सामने से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। रेलवे और राज्य सरकार ने हादसे में मृतकों और घायलों के परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
रेलवे हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 1.5 लाख रुपये का मुआवजा देगा, जबकि गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मामूली रूप से घायल हुए यात्रियों को 5 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
आग लगने की अफवाह मचा भगदड़
आपको बता दें कि यह हादसा उस समय हुआ जब पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ से मुंबई जा रही थी और परांदा रेलवे स्टेशन के पास पहुंच रही थी। ट्रेन के मोटरमैन ने ब्रेक लगाया तो पहियों से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे यात्रियों में आग लगने की अफवाह फैल गई। इस बीच कई यात्री घबराकर ट्रेन से कूदने लगे और सामने से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे ने एंबुलेंस और राहत दल को मौके पर भेज दिया। घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा भुसावल मंडल से भी एक दुर्घटना राहत ट्रेन घटनास्थल की ओर रवाना कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को मदद मुहैया कराई जाएगी और घायलों को बेहतर उपचार दिया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए विभिन्न स्टेशनों पर संपर्क नंबर जारी किए हैं। भुसावल के लिए मोबाइल नंबर 8799982712 और रेलवे नंबर 55110, जलगांव के लिए मोबाइल नंबर 8799952519 और रेलवे नंबर 79220 है। मनमाड स्टेशन के लिए मोबाइल नंबर 7420058556 और रेलवे नंबर 72217, बुरहानपुर स्टेशन के लिए मोबाइल नंबर 8263916314 और रेलवे नंबर 66222 जारी किया गया है। खंडवा के यात्रियों के लिए मोबाइल नंबर 8263916296 और रेलवे नंबर 67220, सीएसएमटी के लिए हेल्पलाइन नंबर 022-22694040 और रेलवे नंबर 55993 है।
दादर के लिए मोबाइल नंबर 9136452387 और रेलवे नंबर 57390, कल्याण के लिए मोबाइल नंबर 8356848078 और रेलवे नंबर 63360, ठाणे के लिए मोबाइल नंबर 9321336747 और रेलवे नंबर 61290 और इगतपुरी के लिए मोबाइल नंबर 8657916263 और रेलवे नंबर 69131 है।
PM मोदी ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने संदेश में लिखा, “मैं महाराष्ट्र के जलगांव में हुए रेल हादसे पर दुख व्यक्त करता हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जब पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली तो यात्री डर के मारे ट्रेन से कूदने की कोशिश करने लगे। इस दौरान सामने से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने कई यात्रियों को टक्कर मार दी। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
ये भी पढ़ेंः- Monkeypox Virus ने भारत में दी दस्तक ? जानें इसके लक्षण और बचाव के तरीके
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)