इटावा- प्रशासन के अनदेखी से नाराज महिलाओं ने खाली बाल्टी लेकर रोकी ट्रेन

इटावा– इटावा रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे कालोनी में पानी आपूर्ति ठप होने से गुस्साई क्वाटरों में रहने वाली महिलायें बाल्टी लेकर शनिवार को रेल पटरी पर उतर आई। उन्होंने हंगामा करते हुए ट्रेन रोक दी। आधे घंटे तक ट्रेन के न चलने से रेलवे प्रशासन में हड़कम्प मच गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही समस्या के निवारण का आश्वासन देकर ट्रेन को रवाना किया।  रेलवे कालोनी में बीते दो सप्ताह से पानी आपूर्ति ठप है। समस्या को लेकर रेलवे प्रशासन को कई बार शिकायत की गई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।

रेलवे कालोनी में 100 परिवारों के लगभग 500 लोग रहते हैं। पानी सप्लाई ठप होने की वजह से इलाके में लगे हैंडपम्पों से लोगों को काम चलाना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी समस्या न सुलझने से क्वाटरों में रहने वाली महिलायें शनिवार को आपा खो बैठी। 

वह अपने बच्चों के साथ खाली बल्टियों के साथ इटावा स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर उतर आई। ट्रैक पर महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ पहुंची मगर उनके समझाने के बावजूद महिलायें नहीं मानी। इसी बीच दिल्ली की ओर से आई 04043 आनन्द बिहार एक्सप्रेस को महिलाओं ने करीब आधा घंटा रोके रखा जिसके बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी ने किसी तरह महिलाओं को समझाने का प्रयास किया गया।  मगर उन्होंने किसी की न सुनी।  महिलाओं का कहना था कि पिछले दिनों इटावा आए डीआरएम से भी इस मामले की शिकायत की गई थी। तब उन्होंने कहा था कि जब तक पानी की समस्या नहीं सुलझती टैंकरों से पानी की सप्लाई की जाए।

उसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। रेलवे अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तब जाकर ट्रेन मौके से रवाना की जा सकी। 

(रिपोर्ट- विवेक दुबे, इटावा)

Comments (0)
Add Comment