हैवान पति ने काटी पत्नी की नाक ये थी वजह…

शाहजहांपुर–  जिले में एक वहश पति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की चाकू से नाक काट दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घायल महिला को पड़ोसियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कर रही है।

घटना थाना रौजा के पट्टी बहादुरपुर गांव की है। जहां राजेश अपनी पत्नी संगीता (35) और चार बच्चों के साथ रहता है। संगीता की शादी 15 साल पहले हुई थी। राजेश शराब पीने का आदी है, और राजेश अक्सर शराब पीने के बाद संगीता से मार-पीट करता था। संगीता ने बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता है, और शराब पीने के लिए जमीन बेचने की जिद कर रहा था।

जिसका विरोध संगीता ने किया था। मंगलवार को शराब के नशे में राजेश ने चाकू से संगीता की नाक काट दी। खून निकलता देख उसका पति मौके से फरार हो गया। आसपास के रहने वाले लोगों ने संगीता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। डाक्टर वीके गंगवार का कहना है कि घायल हालत में महिला को अस्पताल लाया गया है। महिला की नाक कटी हुई थी। काफी खून भी बह रहा था। 

घायल महिला को भर्ती कर लिया गया है। उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं, सीओ सिटी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पति पत्नी के बीच विवाद हुआ जिसमे महिला को चोट आई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

Comments (0)
Add Comment