दिल्ली पहुंचते-पहुंचते सुस्त पड़ी मॉनसून की चाल,यूपी में भी इस हफ्ते नहीं होगी बारिश

नई दिल्ली– मॉनसून का अब तक ऐक्टिव फेज चल रहा था। इसकी रफ्तार काफी तेज थी। अब मॉनसून कमजोर पड़ने लगा है। इसके कमजोर पड़ने की वजह से इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना नहीं है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी में भी इस हफ्ते बारिश नहीं होगी।

इस पीरियड के बाद मॉनसून की रफ्तार कुछ बढ़ने की उम्मीद है। इसके बाद ही मॉनसून के दिल्ली पहुंचने की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल यह अनुमान है कि मॉनसून 27 से 28 जून के बीच दिल्ली को भिगो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ने कई जगहों पर समय से पूर्व ही दस्तक दे दी थी। अब एक हफ्ते तक मॉनसून का कमजोर फेज चलेगा। अगले हफ्ते तक मॉनसून के फिर से रफ्तार पकड़ने की संभावना है। इसी महीने मॉनसून देश के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लेगा। अभी मध्य, उत्तर, पूर्वी और उत्तर पश्चिमी इलाकों के कई राज्यों को मॉनसून का इंतजार है। मॉनसून महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है। नॉर्थ-ईस्ट के कुछ क्षेत्रों में भी मॉनसून आ चुका है। 

स्काइमेट के चीफ मेटिऑरलजिस्ट महेश पलावत के अनुसार 14 से 20 जून तक मॉनसून की चाल कमजोर पड़ेगी। इस दौरान मॉनसून आगे नहीं बढ़ेगा। ऐसे में 22 से 24 के बीच मॉनसून के दिल्ली पहुंचने के आसार अब नहीं हैं। 29 जून के आसपास ही मॉनसून दिल्ली आ पाएगा। 

Comments (0)
Add Comment