Cheteshwar Pujara: चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास, किया भावुक पोस्ट

Cheteshwar Pujara Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। इस दिग्गज खिलाड़ी ने क्रिकेट के रविवार 24 अगस्त को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी। पुजारा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। उन्होंने टेस्ट में 8वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज के तौर पर क्रिकेट को अलविदा कहा।

Cheteshwar Pujara Retirement: चेतेश्वर पुजारा ने किया भावुक पोस्ट

पुजारा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और मैदान पर कदम रखते ही हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना – इसका असली मतलब शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर अच्छी चीज का अंत होता है। अपार कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है। आपके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”

अपने भावुक पोस्ट में पुजारा ने अपने करियर के दौरान समर्थन के लिए बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने भारत और विदेश की उन सभी टीमों और फ्रैंचाइज़ियों का भी शुक्रिया अदा किया है जिनके लिए उन्होंने खेला। पुजारा ने अपने करियर में अहम भूमिका निभाने वाले कोचों और वर्षों से उनके साथ रहे साथी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का भी शुक्रिया अदा किया। अंत में, उन्होंने अपने माता-पिता, पत्नी और बेटी का भी शुक्रिया अदा किया।

चेतेश्वर पुजारा का इंटरनेशनल करियर

बता दें कि चेतेश्वर पुजारा को टेस्ट क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजी की एक मजबूत कड़ी माना जाता रहा है। 2010 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले पुजारा ने अपना आखिरी टेस्ट जून 2023 में खेला था। पुजारा ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला साल 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में खेला था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस मुकाबले में पुजारा ने 41 रन बनाए। इसके बाद वह लगातार भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे।

पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैचों की 176 पारियों में 43.60 की औसत से 6 शतकों की मदद से 7,195 रन बनाए, जिनमें 3 दोहरे शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 206 रन रहा। उन्होंने भारत के लिए पांच वनडे मैच भी खेले। जिसमें उन्होंने 51 रन बनाए। पिछले एक दशक में भारत ने टेस्ट क्रिकेट में देश-विदेश में जितनी भी बड़ी सफलताएं हासिल की हैं, उनमें उनकी अहम भूमिका रही है। पिछले एक साल से पुजारा कमेंट्री के क्षेत्र में हाथ आजमा रहे हैं। लेकिन टीम इंडिया वापसी नहीं कर सके।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

Cheteshwar PujaraCheteshwar Pujara RetireCheteshwar Pujara Retire from all forms cricketचेतेश्वर पुजारा