मुजफ्फरनगर — यूपी में चोर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुज़फ्फरनगर का है।
जहां ज्वैलर्स की एक शॉप से तीन बुर्कानशीं महिलाओं ने बड़े ही शातिराना अंदाज़ से लाखों रूपए के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं वारदात को अंजाम देकर तीनों बुर्कानशीं महिलाए बड़ी ही आसानी से दुकान से फरार हो गई, लेकिन चोरी की ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दरअसल मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह रोड पर स्थित जय शिव ज्वैलर्स की दुकान का है। यहां तीन बुर्कानशीं महिलाएं दुकान में आभूषण लेने के लिए आईं। यहां तीनों महिलाओं ने बड़े ही शातिराना अंदाज में दुकान में पड़े सोने के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। वहीं दुकानदार ने गहने कम देखे तो उसको शक हुआ। उसने सीटीटीवी खंगाला तब सारा माजरा समझ में आया।
वहीं पीड़ित दुकानदार दिनेश बंसल ने बताया की तीन बुर्के में महिलाए दुकान पर आई थी जिन्होंने सोने की चैन आदि दिखाने को कहा तो इतनी ही देरी में कुछ और बुर्कानशीं महिलाएं दुकान में आकर सामान देखने लगती है। इसी बीच उन तीन बुर्कानशीं महिलाओं में से एक महिला सोने के आभूषणों के बॉक्स को बुर्के में छिपाकर बगैर कुछ ख़रीदे ही दुकान से चली गई। लगभग सवा किलो के सोने के आभूषण ये महिलाये चोरी करके ले गई हैं। जिनकी कीमत तकरीबन 40 लाख रूपये है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी पुटेज द्वारा इन बुर्कानशीं महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।