Saugat-e-Modi: ईद पर 32 लाख मुस्लिमों को भाजपा का तोहफा, बांटी जाएगी ‘सौगात ए मोदी’

Saugat-e-Modi: भाजपा ने मंगलवार को सौगात-ए-मोदी अभियान की शुरुआत की। इसके तहत देशभर में 32 लाख वंचित मुसलमानों को ईद मनाने के लिए विशेष किट दी जा रही हैं। इस अभियान की जिम्मेदारी भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने ली है। मोर्चे के 32 हजार कार्यकर्ता देश की 32 हजार मस्जिदों के साथ मिलकर जरूरतमंदों तक ये किट पहुंचाएंगे।

Saugat-e-Modi: हर मस्जिद से 100 लोगों की मदद करने का लक्ष्य

इसके लिए हर मस्जिद से 100 लोगों की मदद करने का लक्ष्य रखा गया है। सौगात-ए-मोदी किट में कपड़े और खाने-पीने का सामान शामिल है। इसमें महिलाओं के लिए सूट, पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा, दाल, चावल, सेंवई, सरसों का तेल, चीनी, कपड़े, मेवे, खजूर शामिल हैं। प्रत्येक किट की कीमत करीब 500-600 रुपये बताई जा रही है।

Saugat-e-Modi: अल्पसंख परिवारों से जुड़ाव की कोशिश

बीजेपी और मुस्लिम समुदाय के बीच असहज संबंधों की राजनीतिक धारणा के बीच बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के जरिए लगातार इस समुदाय से जुड़ने की कोशिश कर रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान सूफी सम्मेलन भी इसी कोशिश का हिस्सा बताए जा रहे हैं। सरकार का यह भी दावा है कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं है। योजनाओं के लाभार्थी वर्ग में मुसलमानों की बड़ी हिस्सेदारी है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने बताया कि ईद 31 मार्च, बैसाखी 14 अप्रैल, गुड फ्राइडे 18 अप्रैल और ईस्टर 20 अप्रैल को है। पार्टी ने तय किया है कि जिस तरह परिवार का मुखिया त्योहारों पर अपने परिवार को उपहार देता है, उसी तरह इन त्योहारों पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गरीब अल्पसंख्यक परिवारों को उपहार पहुंचाए जाएंगे, क्योंकि वह 140 करोड़ देशवासियों के मुखिया हैं।

जरूरतमंद परिवारों को मिलेगी किट

उन्होंने बताया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के 32 हजार सक्रिय पदाधिकारी हैं। इन सभी को अल्पसंख्यक वर्ग के 100-100 जरूरतमंद परिवारों की पहचान करने को कहा गया है। ऐसे परिवारों की पहचान करने के लिए मोर्चा के पदाधिकारी मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों में जा रहे हैं। इस तरह सभी त्योहारों को मिलाकर कुल 32 लाख परिवारों तक सौगात-ए-मोदी किट पहुंचाने का लक्ष्य है। इस किट में त्योहार मनाने के लिए जरूरी सामान उपहार में दिया जाएगा।

यह पदाधिकारियों पर निर्भर है कि वे परिस्थिति के अनुसार तय करें कि वे घर-घर जाकर किट पहुंचाएंगे या सामूहिक आयोजन करेंगे। मोर्चा अध्यक्ष ने बताया कि सौगात-ए-मोदी किट पहुंचाने का कार्यक्रम शुरू हो गया है।

मंगलवार को नई दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्थित गालिब अकादमी में भी सौगात-ए-मोदी किट बांटी गई, जिसमें मोर्चा प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी शामिल हुए।


ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

Bharatiya Janata PartybjpEid MilanJamal SiddiquiMinority MorchaMuslim familiesramadan