मैडम तुसाद म्यूजियम में लगेगी बाबा रामदेव की मोम की प्रतिमा

नई दिल्ली– योग गुरु बाबा रामदेव की मोम की प्रतिमा को लंदन के मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया जाएगा। वो भारत के ऐसे दूसरे संत बन जाएंगे, जिसकी प्रतिमा को मैडम तुसाद म्यूजियम में लगाया गया है। उनसे पहले स्वामी विवेकानंद की मोम की प्रतिमा भी लंदन के मैडम तुसाद म्यूजियम में लग चुकी है।

देश की कई हस्तियां जो अपनी विशिष्टता के लिए जानी जाती हैं उनकी मोम की प्रतिमा यहां लगायी गई है जिसमें एक और नया नाम शामिल हो गया है वो हैं बाबा रामदेव। ऐतिहासिक मैडम तुसाद म्यूजियम में योग गुरु स्वामी रामदेव की भी मोम की प्रतिकृति लगेगी। विभिन्न काउंटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष आयोजन में हिस्सा लेने यहां पहुंचे स्वामी रामदेव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके पास इसका प्रस्ताव लंबित था, लेकिन दो माह पहले उन्होंने इसकी मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि उन्हें आत्मश्लाघा पसंद नहीं है, इसलिए आज तक उन्होंने इसकी मंजूरी नहीं दी थी लेकिन मैडम तुसाद संग्रहालय में विश्व के कोने- कोने से आने वाले पर्यटकों को योग और योगी के बारे में जानने का मौका देने के लिए उन्होंने इसके लिए हामी भारी है। स्वामी रामदेव ने कहा कि योग न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है बल्कि यह विश्व शांति, समृद्धि और स्वास्थ्य का बेहतरीन जरिया है।

Comments (0)
Add Comment