Akhilesh Yadav on Azam Khan: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान 23 महीने बाद मंगलवार को सीतापुर जेल से रिहा हो गए। सपा नेता की रिहाई की प्रक्रिया मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे पूरी हुई।
72 मामलों में आजम को मिली जमानत
बता दें कि मंगलवार को सीतापुर जेल से 23 महीने बाद आजम खान (Azam Khan) रिहा हुए। इस दौरान जिला प्रशासन ने जेल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। आजम खान की रिहाई मंगलवार सुबह होनी थी, लेकिन जमानत बांड पर उनके पते में त्रुटि के कारण रिहाई प्रक्रिया रोक दी गई। इसके बाद, मंगलवार दोपहर को आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई और वे कड़ी सुरक्षा के बीच एक वाहन में जेल परिसर से रवाना हुए। आजम खान को हाल ही में क्वालिटी बार ज़मीन हड़पने के मामले सहित 72 मामलों में ज़मानत मिल चुकी है। आज़म खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद हैं।
आजम की रिहाई पर अखिलेश का बड़ा बयान
उधर आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुशी जताई है। पूर्व सीएम ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान को झूठे मामले में फंसाया गया था। मंगलवार को एक प्रेस प्रेस कॉफ्रेंस में सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा, “सपा नेता आजम खान जेल से रिहा हो गए हैं। मैं इसके लिए कोर्ट का शुक्रिया अदा करता हूं। हम समाजवादियों को विश्वास था कि अदालत न्याय करेगी। समाजवादियों के लिए यह खुशी की बात है कि आज आजम खान रिहा हो गए हैं।” उन्होंने कहा, “आजम समाजवादी पार्टी के साथ हैं और भाजपा के खिलाफ लड़ाई में उनकी भूमिका अहम रही है। हमें उम्मीद है कि भाजपा भविष्य में कोई भी झूठा मुकदमा दर्ज करके अन्याय नहीं करेगी।”
योगी सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “जिस तरह मुख्यमंत्री ने अपने और उपमुख्यमंत्री के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस ले लिए हैं, उसी तरह सपा सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ सभी झूठे मुकदमे वापस ले लिए जाएंगे। आजम खान को झूठे मुकदमे में फंसाया गया था। आज उनकी रिहाई हम सभी के लिए खुशी का दिन है।”
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)