बंदूक की नोक पर परिवार को बंधक बनाकर लूटे 50 हजार, महिला को उठा ले गए डकैत

बहराइच– जिले के मोतीपुर इलाके में डकैतो ने शुक्रवार रात ग्रामीण के घर धावा बोलकर परिवारवालों के साथ मारपीट व लूटपाट की और परिवार की एक महिला को अपने साथ उठा ले गए। पांच भाईयों के विरोध करने पर डकैतों ने उन्हे भी लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर डकैतों को जल्द ही पकड़ने की बात कह रही है।

मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाला के मजरा चकैया गांव का है। जहां 35 साल के राम मिलन अपनी पत्नी व चार भाईयों के साथ रहते है। राममिलन के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 12 बजे आठ असलहा धारी डकैतों ने उनका मुख्य दरवाजा खटखटाया लेकिन उन्होने दरवाजा नही खोला।

जिसपर डकैत दीवार फांद घर के आंगन में घुस कर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। कहा शोर मचाने पर पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। डकैतों ने असलहों के नोक पर नगदी जेवरात समेत करीब 50 हजार की लूटपाट की। इतना ही नही बल्कि राम मिलन की पत्नी आशा देवी को अगवा कर ले जाने लगे। जिसका विरोध पांचों भाईयों ने जब किया तो डकैतों ने उनपर फायरिंग कर दी।

जिसमें राम मिलन और उनके भाई छोट्टन्ने यादव (40), सोहनलाल (30), अनिल यादव (25) और जवाहर यादव (28) घायल हुए हैं। वहीं, बदमाश आशा को लेकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा की जल्द ही वो महिला को खोज निकालेंगे।

Comments (0)
Add Comment