लखनऊ एयरपोर्ट से लौटाए गए सऊदी अरब जा रहे 128 यात्री,ये थी बड़ी वजह…

चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप फैलने के बाद सऊदी अरब सरकार ने उठाया बड़ा कदम

लखनऊ — चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप फैलने के बाद सऊदी अरब सरकार ने भारत से की जाने वाली उमरा यात्रा पर भी रोक लगा दी है। दरअसल, उमरा भी हज की तरह ही होता है। निश्चित इस्लामी महीने में मक्का और मदीना की यात्रा को हज कहा जाता है। इस समय के अलावा साल भर में इन स्थानों की धार्मिक यात्रा उमरा कहलाती है। उमरा भी मुस्लिम धर्म में एक महत्वपूर्ण धार्मिक कर्म माना जाता है।

यात्रियों ने जमकर काटा बवाल

बता दें कि चीन में फैले कोरोना वायरस के डर से सऊदी सरकार ने अब अपने यहां 13 मार्च तक उमरे पर रोक लगा दी है। यानी किसी भी देश के नागरिकों को सऊदी अरब जाने की इजाजत नहीं हैं।इसी के चलते यूपी के भी तमाम जिलों से उमरे पर जाने वाले 128 यात्रियों को कल देर शाम लखनऊ एयरपोर्ट से वापस कर दिया गया।इस दौरान यात्रियों ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।लोग इस बात से खासे नाराज दिखे।

लोगों ने कहा कि हम बहुत दूर-दूर से आए हैं और अब अचानक सऊदी जाने के लिये रोके जाने से हमारे सामने समस्याएं हैं। हालांकि जब एयरलाइंस ने उनको इस बात के लिये आश्वस्त किया कि जो यात्री एयरपोर्ट से वापस किए गए हैं उनका वीजा बरकरार रहेगा। यानी जब भी उमरा या विजिट वीजा से यात्रा का प्रतिबंध हटेगा तो उनको उसी वीजा और टिकट पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी। जिसके बाद लोग अपने घरों को वापस रवाना हुए।

1 दर्जन से ज्यादा फ्लाइटों को उतरने की नहीं दी इजाजत

जबकि बुधवार को सऊदी गवर्नमेंट ने भारत से जेद्दा और मदीना एयरपोर्ट पहुंची 1 दर्जन से ज्यादा फ्लाइटों के 3000 से ज्यादा यात्रियों को अपने देश में उतरने की इजाजत नहीं दी. यही नहीं कोलकाता से गई इतिहाद एयरलाइंस के विमान को दुबई से वापस भेज दिया।

गौरतलब है कि सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा, “स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दुनिया में कोरोनावायरस के संक्रमण के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। टूरिस्ट वीजा पर आने वाले पर्यटकों को संक्रमण की दृष्टि से हाई रिस्क कैटेगरी में रखा गया है। हालांकि, हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों के स्वास्थ्य की दृष्टि से संक्रमण रोकने के लिए यह सावधानी बरती जा रही है।”

Comments (0)
Add Comment